<p><p>किसानों के समर्थन में कांग्रेस का बड़ा आंदोलन<br /> ग्वालियर में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस अब सड़क पर उतरने जा रही है। पार्टी ने रायरू और निरावली चौराहे पर आगरा-ग्वालियर NH-44 हाईवे पर चक्का जाम आंदोलन का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान शामिल होंगे, जिससे हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहने की संभावना है। आंदोलन सुबह 11 बजे से शुरू होगा और इसे प्रदेशव्यापी किसान आंदोलन का हिस्सा बताया जा रहा है।<br /> कांग्रेस का आरोप है कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों को तुलाई में गड़बड़ी, भुगतान में देरी और मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकार किसानों की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है, इसलिए मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ रहा है। प्रदर्शन में ग्वालियर के साथ भिंड और मुरैना के कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। वहीं पुलिस ने लोगों को एडवाइजरी जारी करते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है।</p></p>